जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के रामपुर गांव में पारिवारिक जमीन विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने दो सगे भाइयों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर दर्ज इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
रामपुर गांव निवासी संगीता देवी ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि उनके जेठ पप्पू बिंद और नागेंद्र बिंद उनके हिस्से की जमीन पर जबरन कब्जा कर जोताई कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व में कोतवाली में हुए समझौते के तहत ससुर द्वारा गिरवी रखे गए खेत को छुड़ाने के लिए उन्होंने अकेले 40 हजार रुपये दिए थे। समझौते के अनुसार राशि देने के बाद भूमि का चारों हिस्सेदारों में बंटवारा होना था तथा नागेंद्र बिंद को दो माह के भीतर अलग आवास की व्यवस्था करनी थी। पीड़िता का आरोप है कि समझौते के बावजूद आरोपियों ने न तो राशि लौटाई और न ही शर्तों का पालन किया। इसके बजाय उनके हिस्से की जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया। विरोध करने पर उनके और उनके पति के साथ गाली-गलौज की गई तथा मारपीट का प्रयास किया गया। आरोप है कि आरोपी शराब के नशे में जान से मारने की धमकी भी देते हैं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में आरोपियों ने उनके पशु को मार डाला था और उनके पति के साथ भी मारपीट की थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 20 जुलाई 2026 को कोतवाली में दोनों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।