जमानिया। स्टेशन बाजार स्थित हिन्दू स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर के आसपास खुलेआम नशीले पदार्थों की बिक्री और अराजकतत्वों के जमावड़े को लेकर महाविद्यालय प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने चौकी प्रभारी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि महाविद्यालय के आसपास स्थित दुकानों पर गुटखा, सिगरेट सहित अन्य तंबाकू उत्पादों की खुलेआम बिक्री की जा रही है, जो शैक्षणिक संस्थानों के आसपास ऐसी बिक्री पर रोक संबंधी न्यायालय के निर्देशों का उल्लंघन है। शिक्षकों ने यह भी आरोप लगाया कि परिसर के आसपास से गुजरते समय कई बार गांजे की गंध भी महसूस होती है, जिससे नशीले पदार्थों के सेवन और बिक्री की आशंका प्रबल होती है। महाविद्यालय परिवार का कहना है कि यही मार्ग छात्र-छात्राओं, विशेषकर छात्राओं, के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। ऐसे में अराजकतत्वों की मौजूदगी और नशीले पदार्थों की खुलेआम बिक्री से छात्राओं की सुरक्षा एवं महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।इस संबंध में चौकी प्रभारी अश्वनी प्रताप सिंह ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।