जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के लहुवार गांव में शादी के दिन ही 18 वर्षीय युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पिता ने गांव के ही एक युवक पर शादी का झांसा देकर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में लहुवार निवासी बेचु राजभर ने बताया कि उनकी पुत्री सविता कुमारी की शादी 19 जुलाई 2026 को तय थी। आरोप है कि 19 जुलाई की देर रात करीब दो बजे गांव निवासी नितीश राजभर शादी का झांसा देकर उनकी पुत्री को अपने साथ भगा ले गया।परिजनों के अनुसार, शादी वाले दिन बेटी के अचानक लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर पीड़ित पिता ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपी नितीश राजभर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। युवती की तलाश की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।