जमानियां (गाज़ीपुर)| लोदीपुर स्थित सत्यम इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में मंगलवार, 10 फरवरी 2026 को पीएम श्री कम्पोज़िट विद्यालय (बरईन बाजार) एवं सत्यम इंटरनेशनल स्कूल के मध्य एक दिवसीय ‘ट्विनिंग कार्यक्रम’ (Twinning Program) का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच शैक्षणिक, सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से आपसी सहयोग, अनुभवों के आदान-प्रदान एवं समग्र विकास को प्रोत्साहित करना रहा।
खेलकूद व पोस्टर प्रतियोगिता में छात्रों का शानदार प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लुडो प्रतियोगिता में कक्षा 7 की आरुषि कुशवाहा एवं कक्षा 6 की नंदनी पांडे (सत्यम इंटरनेशनल स्कूल) ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में पीएम श्री कम्पोज़िट विद्यालय की कक्षा 7 की छात्रा शकीना विजेता रहीं।सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने हेतु ‘जल संरक्षण’ विषय पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में सत्यम इंटरनेशनल स्कूल की अरीबा नाज़ एवं पीएम श्री विद्यालय के अमर कुमार ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
वाद-विवाद व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
वाद-विवाद प्रतियोगिता में सत्यम इंटरनेशनल स्कूल की आस्था यादव एवं पीएम श्री विद्यालय की आँचल कुमारी को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया। सांस्कृतिक सत्र के अंतर्गत प्रस्तुत पारंपरिक लोकनृत्य एवं ‘झाँसी की रानी’ के जीवन पर आधारित एक्ट एंड प्ले ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस श्रेणी में दोनों विद्यालयों के प्रतिभागियों को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। सत्यम इंटरनेशनल स्कूल की ओर से खुशी, संध्या, आरूही, आँचल गुप्ता तथा पीएम श्री विद्यालय की ओर से अनुष्का, आँचल, जिन्ही, चंदन एवं खुशी ने अपने प्रभावशाली अभिनय से कार्यक्रम को यादगार बनाया।
विजेताओं का सम्मान, शिक्षकों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सत्यम इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंध निदेशक श्री सत्य प्रकाश मौर्य, प्रधानाचार्य श्री एल.डी. जेना, पीएम श्री कम्पोज़िट विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रामप्यारे सिंह एवं सहायक अध्यापक श्री सच्चिदानंद द्वारा विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रबंध निदेशक श्री मौर्य ने कहा कि ऐसे ट्विनिंग कार्यक्रम सरकारी और निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों के बीच सहयोग, प्रतिस्पर्धा एवं सामंजस्य की भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में रहे अनेक गणमान्य उपस्थित
इस अवसर पर विद्यालय समन्वयक नफीस अंसारी, सभासद शबीना खान, शिक्षक अजय कुमार, रवि प्रकाश उपाध्याय, सरोज सिंह, गोकुल यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधानाचार्य श्री एल.डी. जेना द्वारा किया गया।
