जमानिया (गाज़ीपुर)। जमानिया पक्का गंगा पुल के पास मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में ऑनलाइन डिलीवरी का कार्य कर रहे 34 वर्षीय बाइक सवार युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान विष्णु राम पुत्र चंद्रजीत राम, निवासी महेवा (जमानिया) के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विष्णु राम अपनी बाइक से करंडा की ओर जा रहा था। जैसे ही वह गंगा पुल के पास पहुंचा, अचानक उसकी बाइक असंतुलित हो गई और वह सड़क पर गिर पड़ा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर राहगीरों की मदद से मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमानिया पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी संध्या का रो-रोकर बुरा हाल है। विष्णु राम अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गया है। वह तीन भाइयों में मंझला था तथा उसकी शादी लगभग दस वर्ष पूर्व शाहपुर में हुई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल हादसे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। युवक की अचानक हुई मौत से महेवा गांव सहित पूरे जमानिया क्षेत्र में शोक व्याप्त है।