गाजीपुर। थाना मरदह पुलिस ने अपहरण एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को वादी प्रमोद पासवान निवासी ग्राम मरदह द्वारा अपनी 16 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस संबंध में थाना मरदह में मुकदमा संख्या 82/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था, जिसे बाद में संबंधित धाराओं में विस्तारित किया गया। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अभियुक्त राजकुमार राजभर (20 वर्ष), निवासी ग्राम भड़सर, थाना बिरनो को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर आवश्यक विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। अभियुक्त के खिलाफ बीएनएस की धारा 64(1)/137(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5(L)/6 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम का नेतृत्व उपनिरीक्षक मनेश शंकर द्विवेदी ने किया। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर अभियान लगातार जारी है।