गाजीपुर। जिला कृषि अधिकारी उमेश कुमार ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के तहत किसानों को निःशुल्क मिनीकिट एवं रियायती दरों पर बीज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए किसान 22 अप्रैल 2026 से विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in� पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि निःशुल्क मिनीकिट योजना के अंतर्गत उर्द, मूंग, अरहर, सावां, कोदो, रागी, ज्वार और बाजरा के हजारों पैकेट किसानों को वितरित किए जाएंगे। वहीं, सामान्य बीज योजना के तहत धान, ढैचा, उर्द और अरहर के बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर पॉस मशीन के माध्यम से उपलब्ध होंगे।इसके अतिरिक्त संकर ज्वार, बाजरा और मक्का के बीज डीबीटी (प्रत्यक्ष लाभ अंतरण) के जरिए अनुदान पर सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों से प्राप्त किए जा सकेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि आवेदन संख्या निर्धारित लक्ष्य से अधिक होती है, तो पात्र किसानों का चयन ई-लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते ऑनलाइन आवेदन कर योजना का अधिकतम लाभ उठाएं।