गाजीपुर। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अनुपम शुक्ला ने पॉलिटेक्निक कॉलेज गाजीपुर में आयोजित जनगणना 2027 के प्रशिक्षण सत्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रगणकों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें शत-प्रतिशत शुद्धता और सतर्कता बरतना अनिवार्य है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण के दौरान दी जा रही सभी जानकारियों को गंभीरता से समझें और अपने कार्यक्षेत्र में उसका सही अनुपालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने गणनाकर्मियों से पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की। जिलाधिकारी ने बताया कि इसी उद्देश्य से तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है, ताकि कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि न रह जाए।प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रतिभागियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा निर्देशित किया कि किसी भी कठिनाई की स्थिति में मास्टर ट्रेनर से समन्वय स्थापित कर समाधान प्राप्त करें। इसके अलावा उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों के लिए उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, तहसीलदार सदर, नायब तहसीलदार सदर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।