गाजीपुर। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अनुपम शुक्ला ने जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई महत्वपूर्ण कमियां सामने आने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण में पाया गया कि गोदाम में स्थापित फायर होज रील ड्रम कार्यशील अवस्था में नहीं है। इसके अतिरिक्त परिसर में लगी पानी की टंकी में भी रिसाव (लीकेज) पाया गया। इन खामियों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को निर्देशित किया कि फायर होज रील ड्रम को अविलंब दुरुस्त कराया जाए तथा पानी की टंकी की मरम्मत अथवा आवश्यकतानुसार नव-निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराई जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ईवीएम गोदाम की सुरक्षा एवं संरक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप सुदृढ़ रखी जाएं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) दिनेश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।