जमानिया (गाजीपुर)। जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में स्थानीय तहसील सभागार में शुक्रवार को फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक एवं तहसीलदार राम नरायण वर्मा ने संयुक्त रूप से की।
बैठक का उद्देश्य शासन की मंशानुरूप किसानों का डिजिटल डाटाबेस तैयार करना तथा फार्मर रजिस्ट्री के कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत एवं त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण कराना रहा। इस दौरान अधिकारियों ने राजस्व कर्मियों, लेखपालों एवं कृषि विभाग के कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए तेज गति से संपन्न कराया जाए। उपजिलाधिकारी श्री पाठक ने स्पष्ट कहा कि तहसील क्षेत्र के प्रत्येक पात्र किसान का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि उन्हें भविष्य में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा सहित अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ निर्बाध रूप से मिल सके। उन्होंने डाटा फीडिंग के दौरान विशेष सतर्कता बरतने पर बल देते हुए कहा कि आधार कार्ड, खतौनी एवं बैंक विवरण का मिलान पूरी सावधानी से किया जाए।
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाई गई, तो संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि फार्मर रजिस्ट्री सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत किसानों की डिजिटल पहचान (किसान आईडी) तैयार की जा रही है। इसमें भूमि, फसल एवं व्यक्तिगत विवरण दर्ज कर योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन और बिचौलियों की भूमिका समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक के अंत में अधिकारियों ने सभी कर्मियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर राजस्व निरीक्षक (कानूनगो), क्षेत्रीय लेखपाल एवं कृषि विभाग के संबंधित अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।