गाजीपुर। उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, लोकेन्द्र कुमार ने जनपद के पारम्परिक कारीगरों को सूचित किया है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य सरकार द्वारा संचालित विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत विभिन्न ट्रेडों में आवेदन आमंत्रित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत दर्जी, हलवाई, बढ़ई, नाई, कुम्हार, लोहार, टोकरी बुनकर एवं राजमिस्त्री जैसे पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े कारीगरों को प्रशिक्षण एवं सहायता प्रदान की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.diupmsme.upsdc.gov.in� तथा msme.up.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उपायुक्त उद्योग ने स्पष्ट किया कि पूर्व में इस योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके व्यक्ति या उनके पति/पत्नी पुनः आवेदन के पात्र नहीं होंगे। उन्होंने इच्छुक कारीगरों से अपील की कि वे योजना का लाभ उठाने हेतु समय रहते आवेदन करें। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, गाजीपुर कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।