जमानिया (गाजीपुर)। कोतवाली क्षेत्र के नई बाजार-देवेथा मार्ग स्थित गायघाट मोड़ के पास शनिवार रात करीब 8 बजे दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों के अनुसार, घायलों में एक की पहचान अभयपुर निवासी 30 वर्षीय भोला राजभर पुत्र लालधारी के रूप में हुई है, जिसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद परिजन मौके पर पहुंच गए और घायल को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के दौरान एक चौंकाने वाली स्थिति भी सामने आई, जब दूसरा घायल बाइक सवार, जो अज्ञात क्षेत्र का बताया जा रहा है, दुर्घटना के तुरंत बाद स्वयं उठकर इलाज के लिए किसी अज्ञात स्थान की ओर चला गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। फिलहाल मार्ग पर यातायात सामान्य है, लेकिन हादसे को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।