गाजीपुर। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सकुशल एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा की उपस्थिति में ऑडिटोरियम हॉल में सेंट्रल पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के ताजियादारों, ग्राम प्रधानों तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से मुहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, एकता एवं गंगा-जमुनी तहजीब की परंपरा के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनपद की सामाजिक सद्भावना एवं सौहार्द बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कोई भी ताजिया निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाया जाए तथा उसकी ऊंचाई 10 फीट से अधिक न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुहर्रम जुलूसों के दौरान किसी भी प्रकार के अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से भ्रामक अफवाह फैलाने तथा शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने नगर निकायों एवं संबंधित विभागों को त्योहार के दौरान व्यापक साफ-सफाई, निर्बाध पेयजल आपूर्ति तथा नियमित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुहर्रम के जुलूस एवं ताजिए केवल पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएंगे तथा किसी नई परंपरा अथवा नए मार्ग की अनुमति नहीं दी जाएगी। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने खराब सड़कों की मरम्मत, विद्युत आपूर्ति की सुचारु व्यवस्था तथा सफाई संबंधी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उपस्थित ताजियादारों एवं जनप्रतिनिधियों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने सभी नागरिकों एवं आयोजकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें।बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वेद सिंह चौहान, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।