गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित निर्वतन कक्ष में रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष की बैठक आयोजित की गई। बैठक में महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित कुल आठ प्रकरणों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया तथा पात्र मामलों का नियमानुसार निस्तारण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक के उपरांत महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति (डीसीपीसी) की त्रैमासिक बैठक भी आयोजित की गई। इसमें बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास एवं कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और उनकी प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिला बाल संरक्षण इकाई तथा चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों एवं महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध कार्रवाई की जाए ताकि जरूरतमंदों को शीघ्र न्याय एवं सहायता उपलब्ध हो सके।Bउन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक सूचनाएं एवं आख्या निर्धारित समयावधि में उपलब्ध कराने तथा शासन की मंशा के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी संजय सोनी, बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती सीमा पाठक, क्षेत्राधिकारी सदर, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे