गाजीपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के पूर्व आयुष विभाग द्वारा जनपद में योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दिग्विजय नाथ ने किया। रैली का शुभारंभ क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी तथा जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. अच्छेलाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। यह रैली रायफल क्लब परिसर से प्रारंभ होकर होम्योपैथिक कॉलेज, रौजा परिसर में संपन्न हुई। रैली के माध्यम से आमजन को योग के महत्व एवं इसके स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक किया गया।
इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर मनाया जा रहा है। इसके साथ ही स्वास्थ्य, ज्ञान और विश्व शांति के लिए योग का संदेश भी जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। अधिकारियों ने कहा कि योग शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। रैली के दौरान बताया गया कि योग दिवस कार्यक्रम की मुख्य विशेषता मानक योग प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन है, जिसके माध्यम से लोगों को योग के प्रति प्रेरित किया जाएगा।कार्यक्रम में आयुष विभाग के सभी चिकित्साधिकारी, चीफ फार्मासिस्ट, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी, कार्यालय के समस्त कर्मचारी एवं कार्यक्रम प्रबंधक अखिलेश गुप्ता सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दिग्विजय नाथ ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए योग को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।