जमानियां। नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में नागरिकों, छात्र-छात्राओं, पुलिसकर्मियों तथा प्रशासनिक अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
मुख्य आयोजन हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में हुआ, जहां योग गुरु उदय सिंह के निर्देशन में स्थानीय नागरिकों, शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने नाड़ी शोधन, सेतुबंधासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योगासनों और प्राणायाम का अभ्यास किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता, प्राचार्य श्रीनिवास सिंह, डॉ. मदन गोपाल सिंह, डॉ. विजय श्याम पांडे, आचार्य संतोष पांडेय, राजीव सिंह, अरुण कुमार तथा तारकेश्वर वर्मा सहित महाविद्यालय के एनएसएस, एनसीसी और स्काउट के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
वहीं कोतवाली परिसर में क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने योगाभ्यास किया। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि तनावपूर्ण ड्यूटी के बीच शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। उधर बलुआ घाट पर तहसील एवं नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक योगाभ्यास किया। उपजिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम में तहसीलदार राम नारायण वर्मा, अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रमों में लोगों को नियमित योगाभ्यास अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।