जमानियां, गाजीपुर। कोतवाली क्षेत्र के मंझरिया गांव की एक महिला ने अपने पुत्र पर प्रताड़ना, गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शारदा देवी पत्नी स्वर्गीय विंध्याचल ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उन्होंने अपनी भूमि का बराबर हिस्सा अपने चारों पुत्रों में बांट दिया था। आरोप है कि बंटवारे के बाद उनका पुत्र हरिद्वार उनकी देखभाल नहीं करता था और उन्हें पर्याप्त भोजन भी उपलब्ध नहीं कराता था। इसके चलते वह अपने छोटे पुत्र के साथ रहने लगीं। महिला का आरोप है कि इसके बावजूद हरिद्वार भूमि विवाद को लेकर लगातार उनके साथ गाली-गलौज करता रहा तथा उनके छोटे पुत्र को जान से मारने की धमकी देता था। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने पर उन्होंने उच्चाधिकारियों से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। जांच के उपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।