जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के स्थानीय नगर स्थित गंगा नदी पर बने पुल के समीप रविवार को नदी से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शनिवार दोपहर पुल पर एक लावारिस साइकिल मिलने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति के गंगा नदी में कूदने की चर्चा क्षेत्र में फैल गई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पुल के आसपास मौजूद लोगों तथा दुकानदारों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि रविवार दोपहर करीब दो बजे स्थानीय लोगों ने गंगा नदी में पुल के पाये के पास एक शव दिखाई देने की सूचना दी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और खोजबीन के बाद शव को नदी से बाहर निकलवाया। बरामद शव लगभग 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का है, जिसकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक ने नेवी ब्लू रंग का लोअर तथा आसमानी और काले रंग की शर्ट पहन रखी थी, जबकि उसके पैरों में चप्पल या जूते नहीं थे। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम तथा शिनाख्त के लिए जिला मोर्चरी हाउस भेज दिया। पुलिस मृतक के हुलिये के आधार पर पहचान कराने का प्रयास कर रही है तथा सोशल मीडिया के माध्यम से भी उसकी शिनाख्त के लिए जानकारी जुटाई जा रही है।