जमानियां (गाजीपुर)। 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 91 यूपी बटालियन एनसीसी के तत्वावधान में हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जमानियां में विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह एवं एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर कैप्टन डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के दर्जनों एनसीसी कैडेट्स, शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल हुए और योग के महत्व को समझते हुए विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

योग प्रशिक्षक विजय श्याम पांडे के निर्देशन में कैडेट्स ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, भुजंगासन, वृक्षासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति सहित अनेक योग क्रियाओं का अभ्यास किया। प्रशिक्षक ने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भागदौड़ भरे जीवन में योग शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने संकल्प लिया कि वे नियमित रूप से योग करेंगे तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। कैडेट्स ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है और इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है।

इस अवसर पर 91 यूपी बटालियन के एडीएम कर्नल भारत पूनिया ने अपने संदेश में कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का ऐसा अमूल्य उपहार है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने की एक वैज्ञानिक पद्धति है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास करता है, जिससे वह जीवन की चुनौतियों का बेहतर ढंग से सामना कर सकता है। एसोसिएट एनसीसी ऑफिसर कैप्टन डॉ. अंगद प्रसाद तिवारी ने कहा कि योग जीवन जीने की कला है, जो आत्मनियंत्रण, अनुशासन और मानसिक शांति प्रदान करता है। वहीं प्राचार्य प्रो. श्रीनिवास सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए, ताकि वे स्वस्थ, ऊर्जावान और लक्ष्य के प्रति समर्पित रह सकें। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सदस्य, एनसीसी अधिकारीगण, कैडेट्स तथा अनेक स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे और योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।