जमानियां। हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। योग गुरु उदय सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं तथा विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत योग के महत्व पर चर्चा के साथ हुई, जिसके बाद प्रतिभागियों ने नाड़ी शोधन प्राणायाम, सेतुबंधासन, शलभासन, भुजंगासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। योग गुरु ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत और जीवन संतुलित रहता है। योग न केवल शारीरिक रोगों से बचाव का माध्यम है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है।


मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच योग स्वस्थ एवं सुखी जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य श्रीनिवास सिंह, डॉ. मदन गोपाल सिंह, डॉ. विजय श्याम पांडे, संतोष पांडे, आचार्य राजीव सिंह, अरुण कुमार, तारकेश्वर वर्मा सहित महाविद्यालय के एनएसएस, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय प्रबंधन और योग गुरु उदय सिंह की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में उपस्थित लोगों ने नियमित योगाभ्यास करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
