गाजीपुर। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सांसद अफजाल अंसारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में विधायक जमानियां ओमप्रकाश सिंह, विधायक मोहम्मदाबाद सुहैब उर्फ मन्नू अंसारी, विधायक सदर जयकिशुन साहू, विधायक जखनियां बेदीराम, विधायक जंगीपुर डॉ. वीरेन्द्र यादव, विधायक सैदपुर अंकित भारती, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, ब्लॉक प्रमुख, प्रधानगण तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की।
सड़कों, खाद और बाढ़ तैयारियों पर विशेष जोर
सांसद अफजाल अंसारी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन और लंबित सड़कों के कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में खाद की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए किसानों को उनकी जोत के अनुसार पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने पर बल दिया।मानसून और संभावित बाढ़ को देखते हुए सांसद ने गंगा तटीय एवं बाढ़ प्रभावित गांवों में पशुओं के टीकाकरण, उपचार तथा मोबाइल पशु चिकित्सा वैन की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने पर भी जोर दिया।
जल जीवन मिशन की प्रगति पर जताई नाराजगी
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने जल जीवन मिशन (हर घर जल योजना) के कार्यों की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त किया। सांसद ने योजनाओं में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जीवित लोगों को मृत घोषित कर बंद हुई पेंशन की होगी जांच
सांसद ने पेंशन योजना से जुड़े मामलों का मुद्दा उठाते हुए बताया कि कई जीवित लोगों को मृत घोषित कर उनकी पेंशन बंद कर दी गई है। इस पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने ऐसे सभी मामलों की विभागीय जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
बैठक में सांसद और अन्य जनप्रतिनिधियों ने बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जांच के नाम पर उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान न किया जाए तथा जले हुए ट्रांसफार्मरों को समय पर बदला जाए। सांसद ने सैदपुर में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही से जुड़े आत्महत्या प्रकरण में जिलाधिकारी द्वारा की गई कार्रवाई को ऐतिहासिक बताते हुए उसकी सराहना की। उनके इस वक्तव्य पर पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
जनप्रतिनिधियों ने रखीं क्षेत्रीय समस्याएं
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने जर्जर सड़कों की मरम्मत, स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की उपलब्धता, प्राथमिक विद्यालयों की मरम्मत, नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने, पेयजल आपूर्ति तथा पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत जैसे मुद्दे उठाए। सांसद ने संबंधित विभागों को सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने तथा प्रगति रिपोर्ट जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की सभी योजनाओं की जानकारी तथा प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से जनप्रतिनिधियों के साथ साझा की जाए और विकास कार्यों से संबंधित बैठकों में उन्हें अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए।
विभिन्न योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा
बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, कौशल विकास, अल्पसंख्यक कल्याण, मत्स्य, पर्यटन, उद्योग, पर्यावरण एवं अन्य केंद्रीय और राज्य योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के साथ-साथ जनकल्याणकारी, रोजगारपरक और गरीबी उन्मूलन कार्यक्रमों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में जिला विकास अधिकारी राजन राय, परियोजना निदेशक महेंद्र प्रताप यादव सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।