सैदपुर (गाजीपुर)। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सैदपुर पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय अपनी टीम के साथ बनारस-गोरखपुर हाईवे स्थित बहरियाबाद अंडरपास के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर हाईवे पर स्थित राम तबक्का बूथ पर बैठा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सुधांशु यादव उर्फ पिंटू यादव (28) पुत्र दिनेश यादव निवासी ग्राम रद्दीपुर, थाना रामपुर मांझा, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई। जामा तलाशी के दौरान आरोपी के लाल रंग के बैग से एक देशी तमंचा (.315 बोर) तथा एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ। बरामदगी के आधार पर थाना सैदपुर में मुकदमा संख्या 222/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की विवेचना की जा रही है। गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक मनोज कुमार पाण्डेय एवं उनकी टीम द्वारा की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध हथियारों और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।