गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बहरियाबाद पुलिस ने चोरी के एक मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा और लोहे की पाइप भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को उपनिरीक्षक उमेश चन्द्र यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में वांछित दो आरोपी हाजीपुर पुलिया के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुलशुन कुमार उर्फ बुलबुल (24) पुत्र कमलेश भारती तथा प्रेमचन्द्र उर्फ छोटू (29) पुत्र नन्दलाल राम, निवासी रायपुर थाना बहरियाबाद, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चोरी की घटना में प्रयुक्त एक बांस का डंडा और एक लोहे की पाइप बरामद हुई। पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के विरुद्ध थाना बहरियाबाद में दर्ज मुकदमा संख्या 89/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1), 352 एवं 351(3) के अंतर्गत कार्रवाई की जा रही है।गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक उमेश चन्द्र यादव एवं उनकी पुलिस टीम द्वारा की गई। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।