जमानिया (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र के जीवपुर गांव में नहर में डूबने से सात वर्षीय मासूम की हुई मौत के बाद शासन की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। सोमवार को उपजिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक ने मृतक बालक के पिता को चार लाख रुपये का सहायता चेक सौंपा। उपजिलाधिकारी ने बताया कि दैवी आपदा से प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने के लिए राज्य आपदा मोचन निधि के अंतर्गत सहायता राशि स्वीकृत की जाती है। इसी क्रम में जीवपुर गांव निवासी मृतक कृष्णा यादव के पिता धर्मेंद्र सिंह यादव को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। चेक वितरण के दौरान तहसीलदार राम नारायण वर्मा, राहुल कुमार सहित तहसील प्रशासन के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
खेलते समय हुआ था हादसा
गौरतलब है कि जीवपुर गांव निवासी धर्मेंद्र यादव, जो अहमदाबाद की एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं, का सात वर्षीय इकलौता पुत्र कृष्णा यादव उर्फ लाडू शनिवार सुबह घर के समीप खेल रहा था। कुछ समय बाद परिजनों ने उसे भोजन कराने के लिए तलाश शुरू की, लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद ग्रामीणों और पुलिस की मदद से खोजबीन शुरू की गई। तलाश के दौरान घर के पास स्थित नहर में मासूम का शव बरामद हुआ। आशंका जताई गई कि खेलते समय उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद सौंपा गया शव
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर के अनुसार, मृतक के चचेरे भाई सत्यपाल यादव की तहरीर पर आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा था। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इकलौते पुत्र की असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।