जमानिया (गाजीपुर)। स्थानीय पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 30 पाउच देशी शराब बरामद की है। आरोपी शराब को बिहार ले जाकर बेचने की फिराक में था।
प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि रविवार शाम उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ बरुईन मोड़ पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के समीप नहर के पास झोले में शराब लेकर बिहार जाने की तैयारी में खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अरमान गिरि (19) पुत्र निवासी ग्राम अलीपुर, थाना रामगढ़, जिला कैमूर (भभुआ), बिहार के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद झोले से ब्लू लाइम मसाला देशी शराब (200 एमएल) के 30 पाउच बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह शराब को बिहार में बिक्री के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार युवक को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।