जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के बेटाबर गांव में मंगलवार की सुबह टेंट खोलने के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुल्हरिया गांव निवासी सुरेश राजभर (22) बेटाबर गांव में आयोजित एक शादी समारोह के बाद टेंट समेटने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान टेंट का लोहे का पोल ऊपर से गुजर रहे विद्युत तार के संपर्क में आ गया, जिससे उसे जोरदार करंट लग गया। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के चाचा योगेन्द्र ने बताया कि शादी समारोह समाप्त होने के बाद सुरेश अन्य कर्मचारियों के साथ टेंट हटाने का कार्य कर रहा था। इसी दौरान यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि मृतक के चाचा योगेन्द्र की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।