जमानियां। संचारी रोगों की रोकथाम एवं टीकाकरण कार्यक्रमों को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को विकास खंड कार्यालय जमानियां में ब्लॉक टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी महेंद्र प्रसाद यादव तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. सीपी मिश्रा ने संयुक्त रूप से की। बैठक में स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया एवं दिमागी बुखार जैसे मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक जनजागरूकता, साफ-सफाई तथा कीटनाशक छिड़काव पर विशेष जोर दिया गया।
अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के समन्वय से कार्ययोजना तैयार कर आमजन को संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही घर-घर दस्तक अभियान के तहत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर संदिग्ध मरीजों की पहचान करने तथा उन्हें यूनिसेफ एवं स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सरकारी अस्पतालों में उपचार हेतु प्रेरित करने की रणनीति पर चर्चा की गई।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. सीपी मिश्रा ने बताया कि आगामी पल्स पोलियो अभियान के तहत शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाने के लिए बूथ प्रबंधन टीमों की तैनाती एवं व्यापक प्रचार-प्रसार की कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए सभी संबंधित विभागों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है। बैठक में स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार (आंगनबाड़ी), पंचायती राज तथा शिक्षा विभाग के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मंगला प्रसाद, आसिफ जमाल, एखलाक अहमद, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार, सुनील कुमार सहित अन्य कर्मचारीगण मौजूद रहे।