जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के बड़ेसर मोड़ के पास गुरुवार तड़के एक डम्पर सड़क पर खड़े खराब रोड रोलर से टकराकर नाले में जा गिरा। हादसे में डम्पर चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा।
जानकारी के अनुसार अहरौरा निवासी डम्पर चालक रमेश फुल्ली गांव में गिट्टी खाली करने के बाद अपने घर लौट रहा था। सुबह करीब दो बजे बड़ेसर मोड़ के पास पहुंचने पर सड़क के बीचों-बीच एक खराब रोड रोलर खड़ा मिला। चालक के अनुसार उसी समय बाईं ओर से आ रही एक बोलेरो ने अचानक आगे निकलने का प्रयास किया। बोलेरो को बचाने के प्रयास में उसने डम्पर को दाहिनी ओर मोड़ा, लेकिन सड़क पर पर्याप्त जगह न होने के कारण वाहन सीधे रोड रोलर से टकरा गया।
टक्कर इतनी तेज थी कि डम्पर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक ने बताया कि टक्कर के बाद वाहन की स्टीयरिंग ने काम करना बंद कर दिया, जिससे डम्पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे नाले में जा गिरा। घटना की सूचना पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क पर खराब रोड रोलर खड़ा छोड़ने पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि इस प्रकार भारी मशीनों को सड़क पर छोड़ देना दुर्घटनाओं को आमंत्रण देने जैसा है। हादसे के कारण कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि यातायात सुचारु रखने के लिए रोड रोलर को सड़क से हटवा दिया गया है।