जमानियां। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर नगर स्थित जमदग्नि ऋषि घाट (बलुआ घाट) पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए स्थानीय क्षेत्र के अलावा पड़ोसी राज्य बिहार एवं दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
श्रद्धालुओं का आगमन बुधवार रात से ही शुरू हो गया था। गुरुवार की भोर से ही घाट पर आस्था का जनसैलाब देखने को मिला। सुबह तीन बजे के बाद श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई और देखते ही देखते पूरा घाट परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भर गया। श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की प्रार्थना की। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए घाट क्षेत्र तथा प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ब्लॉक तिराहा मोड़ पर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई थी। इसके अलावा बाजार क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण के मद्देनजर दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर भी प्रतिबंध लगाया गया था। पुलिस की प्रभावी व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में गंगा स्नान करने का अवसर मिला। निर्जला एकादशी के अवसर पर पूरे दिन घाट क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही जारी रही।