गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड (दर्पण) पर आधारित शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों में पंचायत सहायकों के माध्यम से विशेष अभियान चलाकर पात्र व्यक्तियों की फैमिली आईडी बनाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में विकास खंड रेवतीपुर में फैमिली आईडी निर्माण की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने खंड विकास अधिकारी रेवतीपुर का वेतन रोकने तथा स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विकास खंडों में ऐसे व्यक्तियों की सूची पंचायत सहायकों को उपलब्ध कराने को कहा, जिनकी फैमिली आईडी अभी तक नहीं बनी है, ताकि अभियान चलाकर प्राथमिकता के आधार पर उनका पंजीकरण कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक विकास खंड में नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित करने के निर्देश देते हुए कहा कि खंड विकास अधिकारी हर दो घंटे पर फैमिली आईडी निर्माण की प्रगति की समीक्षा करें और इसकी नियमित निगरानी सुनिश्चित करें। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक शीघ्र पहुंचाया जाए तथा कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की लाभपरक योजनाओं से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, अर्थ एवं संख्याधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।