गाजीपुर। महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित “मिशन शक्ति फेज-5.0 (द्वितीय चरण)” अभियान के अंतर्गत शनिवार को जनपद गाजीपुर में व्यापक जागरूकता एवं सुरक्षा अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस बल ने प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस दौरान महिला सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों एवं शासन द्वारा संचालित विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी भी दी गई। इसी क्रम में जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन की एंटी रोमियो टीमों ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को परेशान करने वाले शोहदों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना, उनमें आत्मविश्वास की भावना विकसित करना तथा समाज में महिला सम्मान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के तहत जनपदभर में नियमित रूप से जागरूकता कार्यक्रम एवं सुरक्षा संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।