जमानियां। मुहर्रम के जुलूस के दौरान कथित रूप से धारदार हथियारों और लाठियों के प्रदर्शन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। मामले में क्षेत्राधिकारी ने वीडियो की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बताया जा रहा है कि जमानियां रेलवे स्टेशन क्षेत्र में शुक्रवार को निकले मुहर्रम के अखाड़े एवं जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कुछ युवक और बच्चे कथित रूप से तलवारों एवं लाठियों के साथ करतब करते दिखाई दे रहे हैं। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ भी मौजूद थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रदेश सरकार ने त्योहारों एवं धार्मिक जुलूसों के दौरान हथियारों के प्रदर्शन पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। ऐसे में वायरल वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था और नियमों के अनुपालन को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। यदि सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ है तो उसकी जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता एवं परिस्थितियों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।