जमानियां। कोतवाली क्षेत्र के बेटाबर गांव में शुक्रवार रात चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान और एक मकान को निशाना बनाते हुए नकदी एवं कीमती सामान चोरी कर लिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, ग्रामीणों की सतर्कता से एक संदिग्ध को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार चक मेदनी नंबर-2 निवासी राजू राय की बेटाबर बाजार में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। प्रतिदिन की तरह शुक्रवार रात वह दुकान बंद कर घर चले गए थे। शनिवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे तो सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। चोर दुकान के पीछे बनी सीढ़ी के रास्ते छत पर पहुंचे और वहां से दुकान में प्रवेश कर गए। उन्होंने काउंटर में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद, 11 बंडल बिजली के तार, 10 टॉर्च, प्लास, टेस्टर तथा दो सोलर प्लेट सहित अन्य सामान चोरी कर लिया।दुकान में चोरी के बाद चोरों ने गांव निवासी मकसूदन यादव के घर को भी निशाना बनाया और वहां से आभूषण चोरी कर लिए। मकसूदन यादव के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध की गतिविधियां कैद हो गईं। फुटेज देखने के बाद ग्रामीणों ने संदिग्ध की पहचान कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी का कुछ सामान भी बरामद किया है। प्रभारी निरीक्षक रामसजन नागर ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस चोरी की घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।