गाजीपुर। किसानों को कृषि क्षेत्र से जुड़ी सरकारी योजनाओं, वित्तीय सुविधाओं और आधुनिक कृषि गतिविधियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से खेत बचाओ अभियान-2026 के तहत विकासखंड सदर की ग्राम पंचायत अंधऊ में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर राजदेव कुमार, उप कृषि निदेशक विजय कुमार, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. शाही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों और महिलाओं को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, कृषि ऋण सुविधा तथा कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर राजदेव कुमार ने बताया कि किसान अपने नजदीकी किसी भी बैंक शाखा से किसान क्रेडिट कार्ड बनवा सकते हैं। यदि किसी प्रकार की असुविधा हो तो कृषि विभाग या संबंधित बैंक शाखा से संपर्क कर समाधान प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि केसीसी के माध्यम से किसानों को कम ब्याज दर पर कृषि ऋण, समय पर भुगतान करने पर ब्याज में छूट, आवश्यकता अनुसार बार-बार ऋण लेने की सुविधा तथा प्राकृतिक आपदा की स्थिति में नियमानुसार राहत एवं ऋण पुनर्गठन का लाभ मिलता है। अधिकारियों ने ऐसे किसानों से शीघ्र किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने की अपील की, जिनके पास अभी तक केसीसी नहीं है। इसके लिए किसान अपने निकटतम बैंक, कृषि विभाग या विकासखंड के कृषि अधिकारियों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ संपर्क कर सकते हैं। चौपाल में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना की भी जानकारी दी गई। किसानों और ग्रामीणों को कम लागत वाली बीमा एवं पेंशन योजनाओं से जुड़कर अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने विश्वास दिलाया कि कृषि ऋण, वित्तीय समावेशन और किसानों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।