गाजीपुर। बिरनो थाना पुलिस ने रविवार तड़के एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर गौ तस्कर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथियों को भी मौके से दबोच लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, एक पिकअप वाहन तथा चार जीवित गोवंश बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 की रात थाना प्रभारी शैलेन्द्र प्रताप सिंह अपनी टीम के साथ जरगो से पलिया मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पलिया हनुमान मंदिर के पास एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि वाहन सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने आत्मरक्षा में संतुलित फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनो भेजा गया।
घायल आरोपी की पहचान नोनहरा थाना क्षेत्र के सेराज खान के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने करीमुद्दीनपुर निवासी संतोष राजभर और बिरनो क्षेत्र के गुलालसराय निवासी दिलमोहन राठौर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, एक पिकअप वाहन तथा चार जीवित गोवंश बरामद किए हैं। इस संबंध में थाना बिरनो में धारा 109(1), 3(5) बीएनएस, 3/25 आर्म्स एक्ट तथा गोवध निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, घायल आरोपी सेराज खान के विरुद्ध गोवध, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, गैंगस्टर सहित कई गंभीर मामलों में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं। वहीं संतोष राजभर पर भी गोवध, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं, जबकि दिलमोहन राठौर के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा दर्ज है। इस कार्रवाई को जनपद में अपराध एवं गौ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।