गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बरेसर थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक महिंद्रा ट्रैक्टर बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, थाना बरेसर में दर्ज मुकदमा संख्या 133/2026, धारा 303(2) एवं 317(2) बीएनएस की विवेचना के दौरान उपनिरीक्षक मोहम्मद रुस्तम खां ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए मुकदमे के वादी के ईंट भट्ठे पर छापेमारी की। इस दौरान महिंद्रा ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में लेते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रेंगा गांव निवासी जीतन वनवासी पुत्र सोमारू वनवासी, भोपतपुर निवासी तिलेश्वर पुत्र मुन्ना तथा सेमऊर निवासी पंजाबी पुत्र रामकृत वनवासी के रूप में हुई है। तीनों आरोपी थाना बरेसर क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित मुकदमे में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभियान में उपनिरीक्षक मोहम्मद रुस्तम खां अपनी पुलिस टीम के साथ शामिल रहे।