जमानिया (गाजीपुर)। नगर स्थित गंगा पक्की पुल के समीप मैदान में रविवार की शाम जेडपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुकाबले में भरवलिया स्पोर्टिंग क्लब ने शाहबाज-11 मथारा स्पोर्टिंग क्लब को चार विकेट से हराकर विजयी शुरुआत की।.टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की शुभकामनाएं दीं।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शाहबाज-11 मथारा स्पोर्टिंग क्लब ने निर्धारित 10 ओवर में 73 रन बनाए और भरवलिया स्पोर्टिंग क्लब के सामने 74 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में भरवलिया स्पोर्टिंग क्लब के बल्लेबाजों ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र सात ओवर में छह विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर चार विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबले का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैदान में मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया|इस अवसर पर जेडपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट के अध्यक्ष विकास चौधरी, गोलू चौधरी, आकाश चौधरी, सनी चौधरी, अजय चौधरी और किशन चौधरी उपस्थित रहे। मैच में अंपायर की भूमिका अजीत चौधरी और अजय कुमार ने निभाई, जबकि सिराज हसन ने कमेंट्री की।आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट के आगामी मुकाबले भी रोमांचक होंगे और क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलेगा।