गाजीपुर। सैदपुर थाना पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से एक .315 बोर का देशी तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को प्रभारी निरीक्षक अनिल सिंह अपनी टीम के साथ वांछित अपराधियों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या के मुकदमे (मु.अ.सं. 41/2026) में वांछित और 25 हजार रुपये का इनामी अभियुक्त नगीना बनवासी सिकंदरपुर गांगी नदी स्थित बबुरहनी पुल के रास्ते आने वाला है तथा उसके पास अवैध हथियार भी है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पण के लिए कहने पर अभियुक्त भागने लगा और खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नगीना बनवासी (49 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय बुधई बनवासी, मूल निवासी भड़सर थाना बिरनो तथा वर्तमान निवासी शेरमठ थाना करीमुद्दीनपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध थाना सैदपुर में हत्या सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।