जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के रघुनाथपुर चट्टी पर गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से एक वृद्ध किसान गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब तीन बजे गाजीपुर की ओर से सैय्यदराजा जा रहा एक तेज रफ्तार डंपर रघुनाथपुर चट्टी के पास सड़क पार कर रहे श्रीराम बिन्द (55) को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि श्रीराम बिन्द खाद लेने के लिए सड़क पार कर रहे थे। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में लेकर कोतवाली ले आई। परिजन घायल को तत्काल उपचार के लिए वाराणसी के ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। सूचना के आधार पर वाहन को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।