जमानिया। कोतवाली क्षेत्र के कसेरा पोखरा गांव में पैतृक भूमि पर अवैध रूप से दीवार निर्माण और विरोध करने पर पथराव किए जाने के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित चंद्रशेखर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके घर के बगल में उनकी पैतृक भूमि है, जिस पर लंबे समय से उनके घर का दरवाजा खुलता है। आरोप है कि गांव के सुभाष सिंह यादव, उनके पुत्र किशन कुमार, पत्नी जामवंती देवी और पुत्री सोनी ने बिना किसी वैध अभिलेख अथवा राजस्व पैमाइश के दरवाजे के ठीक सामने अवैध रूप से दीवार खड़ी कर दी। पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर आरोपितों ने उनके घर पर ईंट-पत्थर चलाने शुरू कर दिए। इस दौरान उनके चाचा शेषनाथ सिंह के सिर में चोट लग गई। प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।