जमानिया। ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी उन्मूलन और महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत शनिवार को बरूईन गांव में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान पात्र गृहस्थी और अंत्योदय राशन कार्ड धारकों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू की गई तथा 10 नए स्वयं सहायता समूहों का गठन किया गया।
एडीओ आईएसबी दिग्विजय नाथ ने बताया कि अभियान का उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, विशेषकर राशन कार्ड धारकों को संगठित कर उन्हें स्वरोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के बाद महिलाओं को वित्तीय सहायता, बैंक ऋण, कौशल विकास प्रशिक्षण और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा, जिससे उनकी आय बढ़ेगी और परिवार आर्थिक रूप से सशक्त होंगे। बैठक के दौरान महिलाओं को समूह गठन, बचत, बैंकिंग व्यवस्था और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। बरूईन गांव की महिलाओं ने योजना के प्रति उत्साह दिखाते हुए सरकार की इस पहल की सराहना की और इसे अपने जीवन स्तर में सुधार का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। इस अवसर पर सचिव लव सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रणवीर सिंह, बीएमएम दिनेश प्रताप, आईसीआरपी सोनी शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं।