जमानिया। नगर पालिका परिषद जमानिया में कर लिपिक के पद पर कार्यरत हरिशचंद्र के सेवानिवृत्त होने पर शनिवार को नगर पालिका कार्यालय में विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों और जनप्रतिनिधियों ने उन्हें माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह भेंट किया तथा उनके दीर्घ, स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने कहा कि हरिशचंद्र ने अपने पूरे सेवा काल में निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करते हुए नगर पालिका की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके कार्यों और सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा। समारोह में अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार, कर निरीक्षक विजयशंकर राय, स्टोर लिपिक सत्येंद्र कुमार, बड़े बाबू विजयशंकर शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष पांडेय, भाजपा मीडिया प्रभारी संजीत यादव, सभी सभासद एवं नगर पालिका के कर्मचारी उपस्थित रहे।