गाजीपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस के “ऑपरेशन दहन” अभियान के तहत गाजीपुर पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के विभिन्न मुकदमों से संबंधित करीब 99.662 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ को नियमानुसार नष्ट कर दिया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 5 करोड़ 32 लाख 2 हजार 250 रुपये आंकी गई है।
पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर चलाए जा रहे नशा मुक्त अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में गठित जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। थाना कासिमाबाद क्षेत्र स्थित सिलिकॉन वेलफेयर सोसायटी वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट के इन्सिनरेटर में जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के 27 मुकदमों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों का विनिष्टीकरण किया गया। कार्रवाई के दौरान 97.245 किलोग्राम गांजा और 2.417 किलोग्राम हेरोइन, कुल 99.662 किलोग्राम मादक पदार्थ, सुरक्षा मानकों और विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए जलाकर नष्ट किए गए। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई तथा सभी अभिलेखों का विधिवत संधारण भी सुनिश्चित किया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि गाजीपुर पुलिस नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार अभियान चला रही है। मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जब्त मादक पदार्थों का समयबद्ध विनिष्टीकरण न केवल इनके दोबारा दुरुपयोग की संभावना को समाप्त करता है, बल्कि समाज में नशे के खिलाफ एक सशक्त संदेश भी देता है। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद अनुभव राजर्षि, जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी के सदस्य, डीसीआरबी के प्रतिनिधि, संबंधित थानों के हेड मुहर्रिर एवं सिलिकॉन वेलफेयर सोसायटी वेस्ट ट्रीटमेंट प्लांट के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।