गाजीपुर। रामपुर मांझा थाना पुलिस ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी) में दूसरे अभ्यर्थी के स्थान पर परीक्षा देने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 4 जुलाई को उपनिरीक्षक सरोज कुमार पाण्डेय अपनी टीम के साथ देवकली बस स्टैंड पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान यूपीटीईटी परीक्षा में फर्जी अभ्यर्थी बनकर परीक्षा देने के मामले में वांछित आरोपी दीपक कुमार (35) पुत्र राजेंद्र प्रसाद, निवासी निकासी, थाना नगरा, जनपद बलिया को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध थाना रामपुर मांझा में उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम-2024 की धारा 7/13(3) तथा बीएनएस की धारा 319(2) के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।