जमानिया। स्थानीय रेलवे स्टेशन के अप प्लेटफॉर्म के पास शनिवार तड़के ट्रेन से गिरने के कारण 84 वर्षीय एक वृद्ध की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले वृद्ध को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार शनिवार सुबह करीब 5:20 बजे स्टेशन मास्टर ने आरपीएफ को सूचना दी कि अप प्लेटफॉर्म के स्टार्टर सिग्नल के पास किलोमीटर संख्या 711/07 से 711/09 के बीच एक यात्री घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही आरपीएफ हेड कांस्टेबल अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे। वृद्ध के सिर में गंभीर चोटें थीं और काफी रक्तस्राव हो रहा था। आरपीएफ ने तत्काल डायल-112 और 108 एंबुलेंस को सूचना देकर उन्हें उपचार के लिए भिजवाया। तलाशी के दौरान घायल के पास से पटना से दिल्ली का जनरल टिकट और पहचान पत्र मिला, जिसके आधार पर उनकी पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर जनपद स्थित सरमस्तपुर निवासी श्रीनाथ सिंह (84) पुत्र इंद्रदेव सिंह के रूप में हुई। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जमानिया में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर किया गया, लेकिन सुबह करीब 7:35 बजे जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। रेलवे सूत्रों के अनुसार सुबह 4:36 बजे दिल्ली जाने वाली ट्रेन संख्या 03293 इस रेलखंड से गुजरी थी। प्रारंभिक आशंका है कि श्रीनाथ सिंह इसी ट्रेन से गिर गए थे। आरपीएफ प्रभारी गनेश सिंह राणा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी गई है।