जमानिया। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान के उद्देश्य से सोमवार को तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई कर उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए 53 फरियादियों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से पांच मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष प्रार्थना पत्र संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए भेज दिए गए। जनसुनवाई के दौरान सबसे अधिक शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं, जिनमें भूमि की पैमाइश और कब्जे के विवाद प्रमुख रहे। इसके अलावा पुलिस, विद्युत तथा विकास विभाग से जुड़ी शिकायतें भी प्राप्त हुईं। उपजिलाधिकारी मनोज कुमार पाठक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी मामलों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस अवसर पर तहसीलदार राम नारायण वर्मा, नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार, कानूनगो अजय कुमार यादव, नसीमुल्लाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।