जमानियां। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बरूईन गांव से एक महिला अपनी पुत्री के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिलने पर पीड़ित पति ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर पत्नी और बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बरूईन गांव निवासी नागेंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पत्नी रत्ना सिंह 2 जुलाई 2026 की सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच अपनी पुत्री को साथ लेकर घर से चली गईं। जाते समय वह अपने साथ एक झोले में कुछ कपड़े भी ले गई थीं। उन्होंने परिजनों को अपने जाने के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी। पीड़ित के अनुसार, अगले दिन 3 जुलाई की सुबह करीब 8 बजे उनकी पत्नी लगभग 15 से 20 मिनट के लिए घर लौटीं, लेकिन इसके बाद पुनः कहीं चली गईं। तब से अब तक मां-बेटी का कोई पता नहीं चल सका है।नागेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने रिश्तेदारों, ससुराल पक्ष तथा अन्य संभावित स्थानों पर दोनों की काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद उन्होंने मंगलवार को कोतवाली पहुंचकर लिखित प्रार्थना पत्र दिया और पत्नी व पुत्री की सकुशल बरामदगी की मांग की।प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि पति की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।