माननीय उच्च न्यायालय की किशोर न्याय समिति, इलाहाबाद के निर्देशों के अनुपालन में बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव नीरज गोंड ने राजकीय प्लेस ऑफ सेफ्टी तथा राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) गाजीपुर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दोनों संस्थानों में तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित मिले। उपस्थिति पंजिका के अनुसार सभी आवासित किशोर भी मौजूद पाए गए। सचिव ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने, साफ-सफाई बनाए रखने, पर्याप्त कपड़ों की व्यवस्था करने तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने बच्चों को प्रतिदिन शारीरिक गतिविधियों में शामिल करने और उनकी शिक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान किसी भी किशोर ने किसी प्रकार के उत्पीड़न अथवा अन्य परेशानी की शिकायत नहीं की।