जमानिया। क्षेत्र में पड़ रही भीषण गर्मी और नहरों में पानी की भारी कमी से किसानों की धान की नर्सरी सूखने की कगार पर पहुंच गई है। लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक ओम प्रकाश सिंह के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने शनिवार को चक्काबांध गांव स्थित पंप कैनाल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को तत्काल दूर कराते हुए सिंचाई व्यवस्था को पूरी क्षमता से संचालित करने के निर्देश दिए गए।

विधायक प्रतिनिधि मन्नू सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से सैकड़ों किसानों ने विधायक से नहरों में पर्याप्त पानी न मिलने की शिकायत की थी। धान की बुवाई के समय पानी के अभाव में नर्सरी सूखने लगी है, जिससे किसान चिंतित हैं। इसी समस्या के समाधान के लिए मौके का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया गया कि पंप कैनाल पर स्थापित आठ मोटरों में से एक स्टैंडबाई रखते हुए सात मोटरों का संचालन होना चाहिए था, लेकिन मौके पर केवल छह मोटरें ही चल रही थीं। इस पर अधिकारियों से तत्काल वार्ता कर बंद पड़ी सातवीं मोटर भी चालू कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि गंगा का जलस्तर कम होने से मोटरों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, इसलिए कभी-कभी तकनीकी कारणों से एक मोटर अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ती है।

हफ्तावार टर्न व्यवस्था पर जताई आपत्ति
किसानों ने नहर संचालन की सात दिन पानी और सात दिन बंद रखने वाली टर्न व्यवस्था पर भी नाराजगी जताई। इस पर मन्नू सिंह ने कहा कि धान की नर्सरी तैयार होने के इस महत्वपूर्ण समय में लगातार नमी जरूरी है, इसलिए मौजूदा व्यवस्था किसानों के हित में नहीं है। उन्होंने कहा, “उच्चाधिकारियों से इस संबंध में बात की गई है। फिलहाल सभी किसानों को समान रूप से पानी उपलब्ध कराया जाए ताकि धान की नर्सरी सुरक्षित रह सके। रोपाई के समय आवश्यकता के अनुसार सिंचाई व्यवस्था की दोबारा समीक्षा की जाएगी।” मन्नू सिंह ने कहा कि विधायक ओम प्रकाश सिंह किसानों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह गंभीर हैं। उन्होंने कहा, “किसानों की फसल हमारी प्राथमिकता है। किसी भी किसान को पानी के अभाव में नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। विभागीय अधिकारियों को नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं और यदि कहीं कोई बाधा आती है तो उसका तत्काल समाधान कराया जाएगा।” निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, सिंचाई विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। किसानों ने मौके पर बंद मोटर चालू कराए जाने और सिंचाई व्यवस्था में सुधार के लिए उठाए गए त्वरित कदमों की सराहना की।
