गाजीपुर। थाना रामपुर मांझा की साइबर हेल्प डेस्क के प्रयास से साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति को 90,274 रुपये की धनराशि वापस दिलाई गई।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के पहाड़पुर कला निवासी राजेंद्र जायसवाल के बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से 95 हजार रुपये की साइबर ठगी हो गई थी। घटना के बाद पीड़ित ने एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही उपनिरीक्षक मोतीलाल एवं उनकी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की राशि में से 90,274 रुपये होल्ड करा दिए। इसके बाद न्यायालय के आदेश के अनुपालन में यह धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। राशि वापस मिलने पर राजेंद्र जायसवाल ने थाना रामपुर मांझा पुलिस एवं साइबर हेल्प डेस्क का आभार व्यक्त करते हुए उनकी सराहना की।